जबलपुर:शहर के छोटे वेंडरों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित पी.एम. स्वनिधि योजना की प्रगति को लेकर शुक्रवार को निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार द्वारा एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में योजना की सफलता को लेकर न केवल रणनीति साझा की गई, बल्कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकर्स को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
इस मौके पर निगमायुक्त ने बैंक ऑफ बड़ौदा एवं बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक अशोक कुमार और रमेश कुमार को मीटिंग के दौरान पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वहीं अन्य बैंको के प्रतिनिधियों से निगमायुक्त ने 100 प्रतिशत टारगेट पूरा करने के लिए अनुरोध किया।योजना को गति देने के लिए निगमायुक्त ने सभी सामुदायिक संगठकों को कड़े और स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों का तत्काल निराकरण कराएं। अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों के नए आवेदन तैयार कर बैंकों में प्रस्तुत करें। मैदानी स्तर पर जाकर वेंडरों की समस्याओं को सुनें और उनका समाधान सुनिश्चित करें।
