
ग्वालियर। थाना महाराजपुरा पुलिस ने ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल में बंद आरोपी की निशानदेही पर सोने की चेन और अंगूठियां बरामद की हैं। वहीं एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से सोने के बाला और बालियां जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार 2 जून को शताब्दीपुरम निवासी माधुरी देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 मई को आदित्य भदौरिया ने उनकी बेटी को मोबाइल पर मैसेज कर एक्सीडेंट का झांसा दिया और पैसों की जरूरत बताई। झांसे में आकर बेटी ने घर की अलमारी में रखे दो सोने की चेन, चार चूड़ी, चार अंगूठी, झुमकी, बाला, दो छोटी बालियां और एक लाख रुपये नकद आदित्य को दे दिए। जेवरात की कीमत करीब 20 से 21 लाख रुपये आंकी गई थी। बाद में आरोपी ने सट्टे में सब हार जाने की बात कही। शिकायत पर थाना महाराजपुरा में अपराध क्रमांक 309/26 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस प्रकरण में रीवा सेंट्रल जेल में बंद आरोपी आदित्य भदौरिया (25) निवासी शताब्दीपुरम को न्यायालय के आदेश पर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर पीर बाबा दरगाह के पीछे टाइगर चौक से एक सोने की चेन और चार सोने की अंगूठियां जब्त की गईं। आरोपी ने बताया कि बाकी जेवरात उसने अपने साथी रामू शर्मा, विष्णु गुर्जर और महेन्द्र परिहार को दिए हैं।
इसी कड़ी में पुलिस ने भदरौली पुराना रेलवे स्टेशन के पास दबिश देकर विष्णु गुर्जर (31) निवासी मुगलपुरा बिजौली को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक जोड़ी सोने के बाला और एक जोड़ी छोटी बालियां मिलीं। पूछताछ में उसने बताया कि दो माह पहले आदित्य से जेवरात लिए थे। चार चूड़ियां और एक जोड़ी झुमकी गलाकर उसने आदित्य को 3 लाख 97 हजार रुपये दिए थे।
पुलिस शेष आरोपियों और जेवरात की तलाश में जुटी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी यशवंत गोयल, उप निरीक्षक राजीव सोलंकी सहित थाना महाराजपुरा टीम की भूमिका रही।
