पुणे में एक से सात अक्टूबर तक आयोजित होगा ‘गांधी सप्ताह’

पुणे, (वार्ता) महाराष्ट्र गांधी स्मारक निधि और युवक क्रांति दल के संयुक्त तत्वावधान में एक से सात अक्टूबर तक यहां के कोथरुड स्थित गांधी भवन में महात्मा गांधी पर आधारित एक सप्ताह का विशेष कार्यक्रम आयोजन किया जायेगा।

आयोजकों ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि दिवंगत डॉ. कुमार सप्तर्षि के शुरू किये गये इस वार्षिक आयोजन का यह 15वां संस्करण है।

इसमें गांधीवादी विचारों, सामाजिक आंदोलनों, लोकतंत्र, पर्यावरण और समकालीन विषयों पर केंद्रित व्याख्यान, परिचर्चा, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा फिल्मों का प्रदर्शन किया जायेगा। इस सप्ताह का उद्घाटन एक अक्टूबर को वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अंबरीश मिश्रा करेंगे। वह सर्वधर्म प्रार्थना के बाद ‘एक थे गांधी’ विषय पर व्याख्यान देंगे।

दो अक्टूबर को गांधी जयंती और अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर प्रार्थना और भजनों का आयोजन होगा। इसके बाद डेक्कन स्थित मक्केशाह मस्जिद और पंचालेश्वर मंदिर से गांधी भवन तक शांति मार्च निकाला जायेगा।कार्यक्रम के अन्य आयोजनों में सामाजिक आंदोलनों और युवाओं के समक्ष चुनौतियों पर व्याख्यान, जादू का शो, ‘लोकतंत्र के समक्ष चुनौतियां’ विषय पर पैनल चर्चा, वृत्तचित्र प्रस्तुति और पर्यावरणीय मुद्दों पर व्याख्यान शामिल हैं। सात अक्टूबर को समापन कार्यक्रम में विचारोत्तेजक काव्य गोष्ठी का आयोजन किया जायेगा।

इस आयोजन में तुषार गांधी, विवेक सावंत, सुषमा अंधारे, माधव भंडारी, विकास लवांडे, प्रशांत जगताप, अतुल देउलगांवकर सहित कई वक्ता और गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगे।

 

Next Post

अफवाहों से न बिगड़े उज्जैन का सद्भाव

Wed Sep 30 , 2026
उज्जैन में शाही मस्जिद के सडक़ चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्से को हटाने के दौरान हुआ विवाद दुर्भाग्यपूर्ण है. प्रशासन और मस्जिद इंतजामिया के बीच सहमति बनने के बाद जब कार्रवाई शुरू हुई, तब भीड़ का जुटना, पुलिस पर पथराव और उसके बाद लाठीचार्ज तथा आंसू गैस का […]

You May Like