
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 13 मई को नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 36वीं किश्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 लाड़ली बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1,835.67 करोड़ रुपये अंतरित किए जाएंगे।
राज्य सरकार के अनुसार, वर्ष 2023 में शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। अब तक योजना के माध्यम से महिलाओं के खातों में डीबीटी के जरिए कुल 55,926.51 करोड़ रुपये की राशि भेजी जा चुकी है।
सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। गोटेगांव में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राहियों के शामिल होने की संभावना है।
