
सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र में नेहरू शताब्दी चिकित्सालय के सामने मछली एवं मुर्गा का व्यापार संचालित होने को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि शाम होते ही दुकान के आसपास शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे अस्पताल आने-जाने वाली महिलाओं और वहां कार्यरत महिला स्टाफ में असुरक्षा का माहौल बना रहता है।
वहीं खुले में मांस बिक्री को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा जारी निर्देशों के बावजूद नियमों के पालन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्र के सामने इस तरह की गतिविधियों पर संबंधित विभाग को कार्रवाई करनी चाहिए। अब सवाल यह है कि क्या नगर निगम प्रशासन और एनसीएल प्रबंधन मामले का संज्ञान लेकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करेंगे या फिर अस्पताल के सामने यह स्थान शराबियों का जमावड़ा बना रहेगा।
