
सिंगरौली । बिग बॉस में बतौर प्रतिभागी शामिल होने का सपना रखने वाली सिंगरौली की चर्चित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर निधि तिवारी की आत्महत्या के मामले में मोरवा पुलिस की जांच जारी है।
बीते शनिवार की शाम भूसा मोड़ स्थित आवास में निधि ने आत्महत्या कर ली थी। निधि अपने डांस वीडियो के चलते सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके करीब 17 लाख फॉलोअर्स थे। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त किया। इधर घटना के बाद मोरवा पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल में जुटी है। पुलिस द्वारा निधि के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकलवाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थीं। इसके साथ ही मोबाइल फोन को लैब भेजकर डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कराई जा रही है।
