पूर्व न्यायाधीश शुक्रे ने महाराष्ट्र लोकायुक्त अध्यक्ष पद की शपथ ली

मुंबई, 25 अगस्त (वार्ता) बॉम्बे उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुनील बालकृष्ण शुक्रे ने मंगलवार को महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था के नये अध्यक्ष के रूप में शपथ ली।

महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने लोक भवन में आयोजित संक्षिप्त समारोह में न्यायमूर्ति शुक्रे को पद की शपथ दिलायी।

न्यायमूर्ति शुक्रे को पांच वर्ष की अवधि या 70 वर्ष की आयु, जो भी पहले हो, तक के लिए नियुक्त किया गया है।

समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, विधायक भास्कर जाधव और निवर्तमान लोकायुक्त न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) विद्यासागर कानाडे मौजूद थे।

इस अवसर पर मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, लोकायुक्त संस्था के सदस्य, गोवा के लोकायुक्त न्यायमूर्ति संदीप शिंदे, राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त राहुल पांडेय और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी उपस्थित थे।

इससे पहले राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनावरे ने न्यायमूर्ति शुक्रे की नियुक्ति की घोषणा वाली अधिसूचना पढ़कर सुनायी।

समारोह की शुरुआत वंदे मातरम, राष्ट्रगान और राज्य गीत से हुई तथा इसका समापन वंदे मातरम और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

न्यायामूर्ति शुक्रे ने 1980 में पुणे विश्वविद्यालय से स्नातक किया और 1983 में तत्कालीन नागपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध डॉ. पंजाबराव देशमुख लॉ कॉलेज, अमरावती से एलएलबी की डिग्री हासिल की। वह एलएलबी परीक्षा की योग्यता सूची में दूसरे स्थान पर रहे और हिंदू कानून में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के लिए उन्हें स्वर्गीय काले मेमोरियल पुरस्कार मिला। उन्होंने अमरावती से अपनी वकालत शुरू की और बाद में तत्कालीन नागपुर विश्वविद्यालय से संवैधानिक कानून में एलएलएम की उपाधि प्राप्त की।

न्यायामूर्ति शुक्रे 2000 में बार से सीधे जिला न्यायाधीश के रूप में न्यायपालिका में शामिल हुए। अपने न्यायिक करियर के दौरान, उन्होंने कोल्हापुर के प्रमुख जिला न्यायाधीश, बॉम्बे उच्च न्यायालय की नागपुर पीठ के रजिस्ट्रार (प्रशासन), महाराष्ट्र न्यायिक अकादमी (उत्तन, ठाणे) के संयुक्त निदेशक और नागपुर के प्रमुख जिला न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दीं। उन्होंने 17 मार्च 2011 को बॉम्बे उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल के रूप में कार्यभार संभाला और 13 मई 2013 को बॉम्बे उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुए।

न्यायामूर्ति शुक्रे की खेलों में भी गहरी रुचि है और उन्होंने अंतर-महाविद्यालयीन लॉन टेनिस और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में एम जे कॉलेज, जलगांव का प्रतिनिधित्व किया।

 

Next Post

हैदराबाद में छह फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार

Tue Aug 25 , 2026
हैदराबाद, 25 अगस्त (वार्ता) तेलंगाना की हैदराबाद पुलिस की कमिश्नर टास्क फोर्स (जुबली हिल्स जोन) ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर शहर के विभिन्न इलाकों में अनधिकृत रूप से काम रहे छह फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मिली सटीक जानकारी के आधार पर 24 अगस्त को कई […]

You May Like