इंदौर: परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. गाली गलौज के बाद चाकू से हमला कर युवक की हत्या का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया. तीनों आरोपियों पर पहले से ही आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं.घटना 31 मई की रात करीब 11 बजे जनता क्वार्टर की है.
यहां जयेश संकट अपने दोस्तों मंगू सरदार उर्फ राजदीप सिंह पांधा और नितिन राव के साथ जन्मदिन मना रहा था. पार्टी के दौरान शराब के नशे में मंगू सरदार और कालू मराठा के बीच पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू हुई और विवाद बढ़ गया. विवाद के दौरान कालू मराठा और गोल्डी उर्फ गुरुविंदर सिंह ने मिलकर मंगू सरदार पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में उसके सिर और नाक पर गंभीर चोट आई.
वहीं विनोद उर्फ पन्नू सिंह जादौन ने भी मारपीट में साथ दिया. घटना की सूचना मिलते ही परदेशीपुरा थाना पुलिस हरकत में आई और तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है. मामले में थाना प्रभारी आरडी कानवा ने बताया कि तीनों आरोपियों पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है. वहीं डीसीपी जोन 2 अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना के बाद तत्काल टीम बनाकर आरोपियों की तलाश की गई और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया. आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, जिन पर पहले से कई मामले दर्ज हैं.
