हैदराबाद में छह फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार

हैदराबाद, 25 अगस्त (वार्ता) तेलंगाना की हैदराबाद पुलिस की कमिश्नर टास्क फोर्स (जुबली हिल्स जोन) ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर शहर के विभिन्न इलाकों में अनधिकृत रूप से काम रहे छह फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मिली सटीक जानकारी के आधार पर 24 अगस्त को कई क्लीनिकों और प्राथमिक उपचार केंद्रों पर छापेमारी की गई थी। मंगलवार को जारी पुलिस बयान के अनुसार, पकड़े गए आरोपी बिना किसी वैध मेडिकल डिग्री के मरीजों का इलाज कर रहे थे। ये आरोपी मरीजों को ड्रिप चढ़ाने, इंजेक्शन देने और कुछ मामलों में तो टांके लगाने तक का काम कर रहे थे।

इन गिरफ्तारियों को मधुरा नगर, जुबली हिल्स, फिल्म नगर और बोराबंदा इलाकों से अंजाम दिया गया। छापेमारी के दौरान टास्क फोर्स ने इन क्लीनिकों से भारी मात्रा में दवाएं, इंजेक्शन, सिरिंज, सलाइन की बोतलें और अन्य मेडिकल उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस ने बताया कि ये आरोपी प्रति मरीज 50 रुपये से 200 रुपये तक परामर्श शुल्क वसूलते थे और रोजाना दर्जनों लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। सभी आरोपियों और जब्त सामग्री को कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस स्टेशनों को सौंप दिया गया है।

कमिशनर्स टास्क फोर्स ने चेतावनी दी है कि लोगों के स्वास्थ्य और जान से खिलवाड़ करने वाले ऐसे फर्जी डॉक्टरों और अनधिकृत क्लीनिकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Post

बंगाल एसआईआर : उच्चतम न्यायालय ने चुनाव आयोग से मांगे लंबित अपीलों के आंकड़े, 2029 चुनावों से पहले प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश

Tue Aug 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 अगस्त (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूचियों से मतदाताओं के नाम हटाये जाने और शामिल किये जाने के खिलाफ दायर अपीलों की लंबित स्थिति, उनके निपटारे और इसके परिणामस्वरूप मतदाता सूची को अद्यतन करने के संबंध […]

You May Like