सीहोर। लव-कुश जन्मोत्सव पर चल समारोह का आयोजन किया गया. चल समारोह भोपाल नाके से प्रारंभ हुआ, जिसमें समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए.
आस्था और उत्साह के साथ निकला चल समारोह शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री सुंदर गार्डन पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ. चल समारोह के दौरान शहर में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर उत्साह बढ़ाया. शोभायात्रा में अखाड़ों के कलाकारों, ढोल-बाजों और अन्य आकर्षक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. बड़ी संख्या में समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए.
चल समारोह के कोतवाली चौराहे पहुंचने पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर के नेतृत्व में कुशवाहा समाज एवं चल समारोह समिति अध्यक्ष बलराम पटेल कुशवाहा सहित समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों का स्वागत एवं सम्मान किया गया. इस दौरान नपाध्यक्ष ने समाजजनों को लव-कुश जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं .इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि लव-कुश हम सभी की आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं। भगवान श्रीराम के पुत्र लव-कुश के जीवन से हमें धर्म, संस्कार, साहस और कर्तव्य का संदेश मिलता है. उन्होंने कुशवाहा समाज द्वारा आयोजित चल समारोह की सराहना करते हुए समाजजनों का सम्मान किया.
भोपाल नाके से शुरू हुआ चल समारोह शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ा। मार्ग में अनेक स्थानों पर नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा चल समारोह का स्वागत किया गया. ढोल-नगाड़ों की गूंज और अखाड़ों के प्रदर्शन से वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा. चल समारोह के दौरान समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला. समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले समाजजनों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया. समारोह के श्री सुंदर गार्डन पहुंचने पर विधिवत समापन किया गया. चल समारोह में आयोजन अध्यक्ष बलराम पटेल, प्रभारी संतोष कुशवाहा पूर्व पार्षद, संयोजक जगदीश कुशवाहा, सानंद कुशवाह, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण कुशवाहा, उपाध्यक्ष अर्जुन कुशवाहा सहित आशीष, मनोहर, कमलेश, जितेंद्र, छोटू, मुकेश, दीपक, देवेश, रोहित, विनोद, लकी, लखन पटेल, रामभरोस कुशवाहा आदि उपस्थित रहे.
