सतना: बिजली चोरी और विद्युत के अवैध उपयोग के खिलाफ मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सोमवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सघन जांच अभियान चलाया। विभाग की अलग-अलग टीमों ने रामपुर बघेलान संभाग के छिबौरा वितरण केंद्र क्षेत्र के करीब 10 गांवों के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में घरों और प्रतिष्ठानों के विद्युत कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान कुल 48 मामलों में विद्युत अनियमितताएं सामने आईं।
विभाग ने सभी मामलों में पंचनामे तैयार कर विद्युत अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है। रामपुर बघेलान संभाग के छिबौरा वितरण केंद्र क्षेत्र में विद्युत टीम ने बरती, मिझियार, पयासी, छिबौरा, देवमऊ, बाबूपुर, दलदल, कदवा, गजान और वकिया बैलो सहित आसपास के गांवों में घर-घर पहुंचकर कनेक्शनों की जांच की। टीम ने मीटर, सर्विस लाइन और कनेक्शन की स्थिति का परीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर सीधे विद्युत लाइन से तार जोडक़र कटिया डालकर बिजली का उपयोग किए जाने के मामले सामने आए। अवैध रूप से बिजली का उपयोग पाए जाने पर कुल 34 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें विद्युत अधिनियम की धारा 135 एवं 138 के तहत कार्रवाई की गई। विभाग ने मौके पर पंचनामे तैयार किए हैं और मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कनेक्शन कटा, फिर भी बिजली
ग्रामीण क्षेत्र की जांच में ऐसे मामले भी सामने आए, जिनमें बकाया राशि के कारण उपभोक्ताओं के कनेक्शन पहले ही काटे जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद दोबारा अवैध तरीके से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। ऐसे मामलों में भी विभाग ने कार्रवाई की। टीम ने विशेष रूप से विच्छेदित कनेक्शनों की जांच करते हुए यह देखा कि कहीं बिना वैध अनुमति के दोबारा बिजली का उपयोग तो नहीं किया जा रहा है।
शहर में 14 प्रकरण
इसी तरह शहर संभाग क्षेत्र में भी विद्युत अनियमितताओं के खिलाफ अभियान चलाया गया। कार्यपालन अभियंता मृगेंद्र सिंह चंदेल के निर्देश पर अलग-अलग टीमों ने नजीराबाद, डालीबाबा, आरईएस क्षेत्र, टिकुरिया टोला, कोलगवां और मुख्त्यारगंज सहित विभिन्न इलाकों में बिजली कनेक्शनों की जांच की। यहां कुल 14 प्रकरण सामने आए, जिनमें विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 126 के तहत कार्रवाई की गई।
