
जबलपुर। महाकौशल में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार जल्द जबलपुर में विशेष संगोष्ठी आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाकौशल चेम्बर ऑफ कॉमर्स और जबलपुर व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि जबलपुर सहित पूरे क्षेत्र में औद्योगिक संभावनाओं को विकसित करने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि इंदौर-भोपाल-जबलपुर को ग्रीनफील्ड औद्योगिक कॉरिडोर से जोड़ने की योजना है, वहीं आईटी और खनन क्षेत्र में जबलपुर को नए अवसर दिए जाएंगे। यह संगोष्ठी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 से पहले क्षेत्र को निवेश का लाभ दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर को मेट्रोपोलिटन सिटी के रूप में विकसित करने के साथ मास्टर प्लान में व्यापारियों के सुझावों को शामिल किया जाएगा। कटनी में लॉजिस्टिक हब, जबलपुर में डिफेंस प्रोडक्शन, खनन, शिक्षा, पर्यटन, होटल और ऑटोमोबाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने सेमीकंडक्टर, मेडिकल यूनिवर्सिटी, लॉजिस्टिक, पर्यटन, होटल उद्योग, अधोसंरचना और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम सहित कई क्षेत्रों में विकास के सुझाव दिए।
व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि की मौजूदगी रही
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि सरकार के प्रयासों से जबलपुर और महाकौशल में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उद्योगपति रवि गुप्ता ने क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने और उपलब्ध लैंड बैंक का उपयोग करने की जरूरत बताई। बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग और एमपीआईडीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
