सारंगपुर:नगर के पाडल्या रोड स्थित तीन प्रमुख कॉलोनियो जिनमें पुष्पद कॉलोनी, बजरंग कॉलोनी और बादशाह कॉलोनी के निवासियों के लिए रविवार को राहत भरी खबर आई, जिसमें पिछले ढाई महीनों से जारी बिजली की समस्या का स्थायी निराकरण विद्युत कंपनी के द्वारा कर करते हुए इन कॉलोनियों का विद्युत कनेक्शन पुनः शहरी फीडर से जोड़ दिया गया है.दरअसल लगभग ढाई महीने पहले अंडरग्राउंड केबल खराब हो जाने के कारण विद्युत कंपनी ने व्यवस्था सुधारने के बजाय इन तीन कॉलोनियों को शहरी फीडर से हटाकर ग्रामीण फीडर से जोड़ दिया था.
इस बदलाव के कारण क्षेत्र में बिजली की भारी कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या पैदा हो गई थी. इसका सबसे बुरा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा था. शहर के प्याऊ को जल आपूर्ति करने वाले खेड़ापति हनुमान मंदिर के ट्यूबवेल और कुएं का कनेक्शन भी इसी क्षेत्र में आता है, जिससे भीषण गर्मी में जल संकट गहराने लगा था. इसमें रहवासी पिछले दो महीनों से अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे.
घेराव की चेतावनी के बाद सुधरे हालात सुनवाई न होने पर आक्रोशित रहवासियों ने 4 मई को चक्काजाम और बिजली बोर्ड के घेराव की चेतावनी दी थी. उस समय कंपनी के जूनियर इंजीनियर उमेश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर तीन-चार दिन के भीतर समस्या हल करने का लिखित आश्वासन दिया था। इसी वादे को निभाते हुए रविवार को कंपनी ने केबल सुधार कार्य पूरा कर शहरी फीडर से विद्युत आपूर्ति बहाल की. समाधान होने पर क्षेत्र के रहवासियों ने इस सुधार कार्य के लिए विद्युत विभाग और संघर्ष करने वाली समिति का आभार व्यक्त किया है. रविवार को जब बिजली आपूर्ति शहरी फीडर से पुनः शुरू की गई, तो मौके पर उत्साह का माहौल रहा. इस दौरान नपा उपाध्यक्ष प्रतिनिधि निलेश वर्मा भी मौजूद रहे
