
जबलपुर। तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों के बीच आयकर विभाग ने साइबर अपराध, बचाव के उपाय और साइबर कानूनों को लेकर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया। मुख्य वक्ता आईटी एवं साइबर कानून विशेषज्ञ अधिवक्ता शुभाशीष बिस्वास ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से साइबर अपराधियों द्वारा व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी हासिल करने के लिए अपनाई जा रही तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल फोन में उपलब्ध सरल सुरक्षा सेटिंग्स का उपयोग करने और डेटा की गोपनीयता बनाए रखने पर जोर दिया। सत्र के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और करदाताओं ने साइबर सुरक्षा, डेटा गोपनीयता और मौजूदा साइबर कानूनों के तहत कानूनी उपायों को लेकर सवाल किए। कार्यक्रम में पीएन बोकाड़े, आयकर उपायुक्त स्टेनी जेवियर, व्ही.जे. सतीश, पीपी अजीत, आशुतोष चटर्जी सहित आयकर अधिकारी उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन आयकर अधिकारी महेश कुमार शुक्ल ने किया।
