पटना, 28 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भाजपा शासित राज्यों में कथित अतिक्रमण के नाम पर मस्जिदों, मदरसों और मजारों पर हो रही कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े विवादों का समाधान बुलडोजर से नहीं, बल्कि संविधान, कानून और न्यायिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए।
श्री यादव ने आज जारी बयान में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को गिराए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन का दावा है कि मस्जिद सरकारी जमीन पर बनी थी और न्यायिक प्रक्रिया के बाद हटाई गई, जबकि मस्जिद प्रबंधन ने कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने संभल, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मध्य प्रदेश के उज्जैन, उत्तराखंड, गुजरात, असम, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान और तेलंगाना में धार्मिक स्थलों से जुड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि मस्जिद, मंदिर, चर्च, गुरुद्वारा, मजार या मदरसा, कानून सबके लिए समान होना चाहिए।
