ऐश्वर्या पिस्से ‘रैली डू मारोक’ पूरा करने और रजत पदक जीतने वाली पहली भारतीय और एशियाई महिला बनी

एरफौद (मोरक्को), 18 अक्टूबर (वार्ता) भारत की मोटरस्पोर्ट आइकन ऐश्वर्या पिस्से ऐतिहासिक प्रदर्शन कर एफआईएम विश्व रैली-रेड चैंपियनशिप (डब्ल्यू2आरसी) के सबसे कठिन राउंडों में से एक ‘रैली डू मारोक’ को पूरा करने वाली पहली भारतीय और एशियाई महिला बन गई हैं। उन्होंने महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया और 2025 के लिए समग्र विश्व रैली-रेड 2डब्ल्यू चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया।
रैली डू मारोक को दुनिया की सबसे कठिन क्रॉस-कंट्री रैलियों में से एक माना जाता है। इसमें 2,299 किलोमीटर से अधिक की दौड़ शामिल है, जिसमें मोरक्को के रेत के टीलों, पथरीले रास्तों और जटिल नेविगेशन से गुजरते हुए 1,478 किलोमीटर के विशेष चरण शामिल हैं। रैली 2 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए, ऐश्वर्या ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों, उच्च तापमान और तकनीकी भूभाग का सामना करते हुए अपनी श्रेणी में विजयी रहीं।
मुकाबले के बाद ऐश्वर्या पिस्से ने कहा, “मोरक्को ने सब कुछ परखा – कौशल, सहनशक्ति और जोश। इस रैली को पूरा करना और विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक हासिल करना मेरे लिए बड़ी बात है। यह वर्षों की कड़ी मेहनत, त्याग और विश्वास का परिणाम है। मुझे इस वैश्विक मंच पर भारत और एशिया को आगे ले जाने पर गर्व है।”
इस जीत के साथ ही ऐश्वर्या ने भारत की सबसे सफल महिला रेसर और एशिया की अग्रणी मोटरस्पोर्ट एथलीटों में से एक के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। उनके नाम चार एफआइएम विश्व खिताब और ग्यारह राष्ट्रीय चैंपियनशिप हैं।

Next Post

अल्बानिया से हार के बाद सर्बिया ने राष्ट्रीय फुटबॉल कोच को किया बर्खास्त

Sat Oct 18 , 2025
बेलग्रेड, 18 अक्टूबर (वार्ता) सर्बिया फुटबॉल एसोसिएशन (एफएसएस) ने विश्व कप क्वालीफायर में अल्बानिया से 1-0 से हार के बाद राष्ट्रीय टीम के कोच ड्रैगन ‘पिक्सी’ स्टोजकोविच को बर्खास्त कर दिया है। एफएसएस ने बताया कि स्टारा पाजोवा में कार्यकारी बोर्ड की बैठक के दौरान आपसी सहमति से स्टोजकोविच और […]

You May Like