गोड़बहरा में सड़क किनारे मिला प्रौढ़ व्यक्ति का शव  

सिंगरौली । सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड़बहरा गांव में आज सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब भैयालाल सेन उर्फ लाला मिस्त्री उम्र 45 वर्ष का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। जहां गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर कई घंटो तक आवागमन बाधित कर दिया। थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह मर्सकोले के समझाइस के बाद मामला शांत हुआ। मृतक बतौर कारीगर के रूप में कार्य करता था।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। परिजनों एवं ग्रामीणों ने झुरही-सरई मार्ग गोड़बहरा रोड को चक्काजाम कर घटना की जांच और मामले का खुलासा किए जाने की मांग की जा रही। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी सरई निरीक्षक प्रहलाद सिंह मर्सकोले पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंच कर मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्यवाही शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना देर रात की बताई जा रही है। हालांकि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्यवाही की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सरई पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल तथा आसपास के क्षेत्रों से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

तीन संदेहियों से पूछतांछ जारी

गोड़बहरा निवासी भैयालाल सेन उर्फ लाला मिस्त्री की मौत का मामला अब नया मोड़ ले रहा है। सूत्रों की मानें तो घटना के पीछे बिजली करंट लगाकर जंगली जानवरो की शिकार करने की बू आ रही है। इसमें तीन से चार अन्य लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि घटना की रात में पहले आपस में शराबखोरी हुई है, इसके बाद जंगल में तार लगाकर जानवरो का शिकार करने के फिराक में थे। शायद भैयालाल खुद करंट के जाल में फस गया और उसकी मौत होने के बाद साथियों ने सड़क के किनारे शव को रखकर भाग खड़े हुये। हालांकि इसकी पुष्टि नही हो पाई है, सिर्फ लोगों के बीच ऐसी चर्चाएं चल रही थी। निष्पक्ष जांच एवं मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। वहीं पुलिस तीन संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछतांछ कर रही है।

इनका कहना:-

एक प्रौढ़ व्यक्ति भैयालाल सेन का शव सड़क के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरई सीएससी भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणो का पता चल पाएगा। संदेहियों से पूछतांछ जारी है।

प्रहलाद सिंह मर्सकोले

थाना प्रभारी निरीक्षक, सरई

Next Post

नाबालिक लडकी को भगाकर ले जाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा

Mon Sep 28 , 2026
पांढुरना, ग्राम कलमगांव की एक नाबलिक लडक़ी को भगाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने पांढुरना नगर के दो युवकों को गिरफ्तार कर इनके पास से बालिका को मुक्त कराते हुए उसके परिजनों को सौप इन दोनों युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबध्द कर इन्हें जिला […]

You May Like