इंदौर: एक युवती ने दो युवकों पर पहचान छिपाकर दोस्ती करने, धमकाकर कई बार दुष्कर्म करने, ब्लैकमेलिंग से लाखों रुपए और गहने हड़पने तथा धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं. पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, वहीं करणी सेना ने भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की.
हिंदूवादी नेता मानसिंह राजावत ने बताया कि इंदौर में एक निजी नौकरी करने वाली युवती ने दो युवकों पर लंबे समय तक शारीरिक शोषण, आर्थिक दोहन और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं.
दोनों युवक पहले फर्जी नामों से दोस्ती बढ़ाते रहे और बाद में धमकाकर लगातार शोषण करते रहे. युवती ने पुलिस को बताया कि मार्च 2021 में उसकी मुलाकात एक कैफे में निकिता उर्फ मन्नू उर्फ मनीषा भाटिया से हुई, जिसके जरिए उसकी दोस्ती मोहित नाम के युवक से हुई. आरोप है कि 6 मार्च 2022 को मोहित उसके महालक्ष्मी नगर स्थित फ्लैट पर आया और अश्लील हरकत करते हुए जबरन शारीरिक संबंध बना लिए. विरोध करने पर उसने पीड़िता की फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी.
पीड़िता का कहना है कि बाद में पता चला कि मोहित का असली नाम सुफियान इरशाद अंसारी है. आरोप है कि सुफियान ने धमकी देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और उससे करीब 5 लाख रुपए और अन्य खर्च वसूल लिए. युवती ने पुलिस को यह भी बताया कि सुफियान के दोस्त अमर से भी बातचीत होती थी, जिसका बाद में पता चला कि उसका नाम अमीर उर्फ गोल्डन है.
पीड़िता का आरोप है कि जुलाई 2025 में अमीर उसे साकेत रोड से होटल श्रीकृष्णा पैलेस ले गया और वहां धमकाकर संबंध बनाए. इसके बाद कई बार मारपीट कर जबरन संबंध बनाने और धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप भी लगाया है. पीड़िता ने यह भी बताया कि अमीर ने उसकी एमपी 09 यूव्हाय 0453 एक्टिवा अपने पास रख ली और उससे करीब 1 लाख रुपए और ले लिए.
पुलिस को की गई शिकायत में आरोप है कि दोनों आरोपी उसे बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देते थे, जिससे वह लंबे समय तक खौफ में रही. मान सिंह राजावत ने बताया कि शनिवार को पीड़िता ने करणी सेना के कार्यालय पहुंचकर मदद मांगी. संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि पीड़िता ने दोनों युवकों पर शोषण, ब्लैकमेलिंग और आर्थिक दोहन के आरोप लगाए हैं. करणी सेना का कहना है कि आरोपियों पर अन्य आपराधिक मामलों, होटल में फर्जी पहचान पत्र से रूम बुकिंग और सोशल मीडिया पर हथियारों के वीडियो डालकर डराने-धमकाने जैसी गतिविधियों के आरोप भी सामने आए हैं.
