नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है दिल्ली के चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र में गीता कॉलोनी के पास यमुना किनारे स्थित बेला एस्टेट की झुग्गी बस्ती में रहने वाले 728 लोगों में से 727 के नाम मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची से काट दिए गए हैं।
श्री गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि ये लोग दशकों से यहां रह रहे हैं और 2024 के लोकसभा तथा 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि 2023 में इनके घर तोड़ दिए गए थे लेकिन वे कहीं नहीं गए और अब भी वहीं रह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने एसडीएम से फोन पर बात कर स्पष्ट किया कि मकान होने या न होने का वोट के अधिकार से कोई संबंध नहीं है। श्री गांधी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार खुद कह चुके हैं कि बेघरों के लिए “हाउस नंबर 0” का प्रावधान है।
श्री गांधी ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद 727 लोगों के नाम काट दिए गए। उन्होंने कहा, “यह एसआईआर नहीं – यह वोट चोरी का तरीक़ा है।” जिन लोगों के पास पहले ही अधिकार सबसे कम है, उनसे उनकी इकलौती ताकत छीनी जा रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जाएंगे पर जिस सिस्टम ने उनसे यह करवाया, उसका हिसाब भी होगा।
