जबलपुर: मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ, जबलपुर द्वारा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विजय शुक्ला के सेवानिवृत्ति अवसर पर सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति विवेक रूसिया सहित उच्च न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण उपस्थित रहे। समारोह का संचालन अधिवक्ता संघ के सचिव परितोष त्रिवेदी ने किया।
इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अमित जैन, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनीष मिश्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल खरे तथा डिप्टी एडवोकेट जनरल वी. डी. सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।इस दौरान वक्ताओं ने न्यायमूर्ति विजय शुक्ला के न्यायिक योगदान, उनकी कार्यशैली तथा न्यायपालिका के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष प्रशांत अवस्थी ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
