शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1,124 अंक लुढ़का

मुंबई, 28 सितंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में रही तेजी से घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को बड़ी गिरावट देखी गई और बीएसई का सेंसेक्स 1,124 अंक लुढ़क गया।
सेंसेक्स 161 अंक टूटकर 73,734.83 अंक पर खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा। खुलने की कुछ देर बाद ही यह एक हजार अंक से अधिक उतर चुका था। अंत में 1,124.02 अंक (1.52 प्रतिशत) नीचे 72,771.72 अंक पर बंद हुआ।नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 360.25 अंक यानी 1.56 प्रतिशत गिरकर कारोबार की समाप्ति पर 22,780.25 अंक पर रहा। दोनों प्रमुख सूचकांकों का यह लगभग छह महीने का निचला स्तर है।

कच्चे तेल में तेजी से शेयर बाजार पर दबाव रहा। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल पौने चार प्रतिशत चढ़कर 108 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। इससे घरेलू शेयर बाजारों में निवेश धारणा कमजोर हुई है।
चौतरफा बिकवाली के बीच निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.52 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.85 प्रतिशत की गिरावट में रहा। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी रियल्टी 2.12 प्रतिशत टूट गया। बैंकिंग, वित्त, ऑटो, एफएमसीजी, धातु, तेल एवं गैस, स्वास्थ्य और रसायन समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत के बीच फिसल गए। निफ्टी आईटी सबसे कम 0.26 फीसदी उतर गया।
सेंसेक्स में इंफोसिस को छोड़कर सभी 29 कंपनियां लाल निशान में रहीं। एलएंडटी, पावरग्रिड, अडानी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर दो से तीन प्रतिशत तक नीचे बंद हुए।
आईसीआईसीआई बैंक, बीईएल, ट्रेंट, एनटीपीसी, आईटीसी, इंडिगो, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, इटरनल, बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस के शेयर एक से दो प्रतिशत तक उतर गए। टाटा स्टील, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, सन फार्मा, अल्ट्राटेक सीमेंट, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे

.....

Next Post

भगत सिंह से प्रेरणा लेकर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लड़ेंगे : श्रीनिवास

Mon Sep 28 , 2026
नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस के आनुषांगिक संगठन सेवादल ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर महान क्रांतिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा को याद किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कांग्रेस सेवादल के प्रमुख श्रीनिवास बी.वी. ने सोमवार को यहां […]

You May Like