
उमरिया। ताला-मानपुर मार्ग पर सरमनिया मोड़ के पास आज सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार हैदर खान (40 वर्ष), टायर दुकान निवासी मानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार अनिल रजक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका बायां पैर बुरी तरह टूट गया था।
घटना के बाद ताला चौकी पुलिस की मदद से घायल अनिल रजक को गंभीर हालत में सीएचसी मानपुर लाया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और परिजनों के सामने ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में आक्रोश का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यदि समय पर एम्बुलेंस और बेहतर उपचार मिलता तो शायद अनिल रजक की जान बचाई जा सकती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीएचसी मानपुर लंबे समय से डॉक्टरों की कमी, अव्यवस्था और संसाधनों के अभाव से जूझ रहा है। कई गंभीर मामलों में यहां केवल प्राथमिक उपचार के बाद मरीजों को रेफर कर दिया जाता है, जिससे अस्पताल अब “रेफरल सेंटर” बनकर रह गया है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
