सिंगरौली । जनपद पंचायत बैढ़न क्षेत्र के रजमिलान-नौढ़िया, चांचर मार्ग पर राखड़ का परिवहन स्थानीय रहवासियों और राहगीरों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है।
आरोप है कि इस मार्ग पर चौबीसों घंटे राखड़ लदे भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क की स्थिति बिगड़ रही है। उड़ती धूल के गुबार के बीच आम लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि स्कूली बस तक सड़क पर फस गई, जिससे बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
इस स्थिति ने मार्ग की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि राखड़ लदे वाहन गुजरते हैं तो सड़क पर धूल का गुबार छा जाता है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए इन वाहनों के पीछे से निकलना जोखिम भरा हो जाता है। धूल के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का सवाल है कि यदि इसी तरह भारी वाहनों की आवाजाही जारी रही, तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार कैसे किया जा सकता है? बंधौरा पुलिस चौकी के सामने से इन वाहनों की आवाजाही होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।
