अस्थायी एवं अंशकालिक कर्मचारी करेंगे कार्य बहिष्कार

भोपाल। मध्यप्रदेश की ग्राम पंचायतों में चौकीदार, भृत्य, सफाईकर्मी और पंप चालक के रूप में कार्यरत कर्मचारियों तथा स्कूलों, छात्रावासों और आश्रमों में सेवाएं दे रहे अंशकालिक एवं अस्थायी भृत्य और रसोइये 28 और 29 सितंबर को दो दिवसीय कार्य बहिष्कार करेंगे।

कर्मचारी नेता वासुदेव शर्मा ने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स, अस्थायी, अंशकालिक एवं ग्राम पंचायत कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर यह आंदोलन किया जा रहा है। विभिन्न जिलों से कर्मचारी भोपाल पहुंचकर भाजपा कार्यालय के समीप पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन करेंगे।

संयुक्त मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह ने कहा कि हजारों कर्मचारी वर्षों से बेहद कम मानदेय पर सेवाएं दे रहे हैं। इनमें कई कर्मचारी दो दशक तक सेवा देने के बावजूद केवल 2,000 से 4,000 रुपये प्रतिमाह प्राप्त कर रहे हैं।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, चतुर्थ श्रेणी शासकीय कर्मचारी का दर्जा, न्यूनतम वेतन, सेवा नियम लागू करना, सामाजिक सुरक्षा, बकाया राशि का भुगतान तथा मनमाने तरीके से सेवा समाप्त किए जाने से सुरक्षा शामिल है।

Next Post

सड़कों पर Rs 800 करोड़ खर्च के बावजूद बदहाली: पटवारी

Sun Sep 27 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में पिछले पांच वर्षों के दौरान सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) सड़कों पर करीब 800 करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद सड़कों की बदहाली को लेकर राज्य सरकार से जवाब मांगा है। पटवारी ने आरोप लगाया कि नई सड़कें बनाने के बजाय कई स्थानों […]

You May Like