
ब्यावरा/खिलचीपुर। रविवार को स्कूटी सवार दो बच्चों को एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसा वन विभाग कार्यालय के सामने हुआ. टक्कर के बाद दोनों बच्चे स्कूटी समेत सडक़ पर गिर गए. कार चालक कार लेकर राजगढ़ की ओर निकल गया. घायलों को पहले खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से दोनों को राजगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया.
गायत्री कॉलोनी निवासी ग्राम रोजगार सहायक जगदीश मेधवाल का 12 वर्षीय बेटा कुणाल अपने बुआ के 5 वर्षीय बेटे सार्थक के साथ नाश्ता लेने जा रहा था. दोनों बच्चे सडक़ पार कर वन विभाग कार्यालय के सामने पहुंचे थे. इसी दौरान तहसील चौराहे की ओर से आई कार ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद दोनों सडक़ पर गिर गए. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया.
रविवार था, वरना हो सकता था बड़ा हादसा
हादसा रविवार के दिन हुआ है. रविवार होने से तहसील सहित अन्य कार्यालयों में लोगों की आवाजाही कम होने के कारण ट्रैफिक कम था. साथ ही किसान फसलों में लगे है इसलिए भी वाहन कम आ रहे है. वाहन चालक फरार है. संभवत: सडक़ खाली होने के कारण कार तेज गति से आ रही थी. यदि भारी वाहन उस समय वहां होते तो बड़ा हादसा हो सकता था. 12 वर्ष का बालक मुख्य सडक़ पर अपने साथ 5 वर्ष के बालक को लेकर नाश्ता लेने के लिए निकल पड़ा. यह सौभाग्य रहा कि हादसे में क्षति अधिक नहीं हुई. दोनों बालकों का उपचार जारी है.ऐसे मामलों में परिजनों को ध्यान रखने की आवश्यकता है कि नाबालिग और कम उम्र के बच्चों को हाईवे और शहर की मेन सडक़ों पर इस प्रकार वाहन लेकर ना भेजे. स्वयं साथ रहें.
