ब्यावरा: मौसम में बदलाव के साथ ही इन दिनों बिमारियों का प्रकोप जबर्दस्त बढ़ गया है. अनेक बिमारियां लोगों को घेरे हुए है, ऐसे में स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की दरकार रहती है किंतु वर्तमान मेें जो स्वास्थ्य सुविधा है उनका ही आमजन को लाभ नहीं मिल पा रहा है. नगर में स्थित सिटी डिस्पेंसरी में बीते ढाई साल से चिकित्सक नहीं है.
विदित है कि नगर में ही घर के पास आमजन को छोटी-मोटी बिमारी को लेकर सुगमता के साथ स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके इस हेतु शासन द्वारा नगर के पीपल चौराहा स्थित पुराना अस्पताल परिसर में सिटी डिस्पेंसरी चालू की गई. शुरुआत में यहां चिकित्सक तैनात रहे किंतु कुछ समय बाद डिस्पेंसरी चिकित्सक विहीन हो गई.
जनवरी 2023 से नहीं डॉक्टर
जानकारी के अनुसार सिटी डिस्पेंसरी में 20 जनवरी 2023 से चिकित्सक नहीं है. यहां मौजूद स्टॉफ द्वारा ही अपने अनुभव एवं क्षमता अनुसार छोटी मोटी बीमारियों का उपचार कर दवाओं का वितरण कर दिया जाता है. इससे भी मरीजों को काफी राहत मिल जाती है, यदि यहां डॉक्टर पदस्थ हो तो फिर स्वास्थ्य सुविधा का कहीं अधिक लाभ लोगों को मिल सकेगा. वर्तमान में सिटी डिस्पेंसरी में मरीजों की संख्या प्रतिदिन 40 से 50 हो रही है. जबकि सामान्य दिनों में 25 से 30 मरीज प्रतिदिन आते है. मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच यह जरुरी है कि यहां चिकित्सक की नियुक्ति हो.
काफी राहत होगी मरीजों को
सिटी डिस्पेंसरी में चिकित्सक होने पर सर्दी-जुकाम, बुखार सहित अन्य बिमारियों का बेहतर उपचार हो सकेगा. इससे मरीजों को नजदीक नगर के भीतर ही स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सकेगा. यदि चिकित्सक की नियुक्ति होती है तो जिस उद्देश्य को लेकर सिटी डिस्पेंसरी चालू की है वह उद्देश्य भी पूरा होगा.
