नयी दिल्ली 27 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (वार्ता) ने कांग्रेस और ‘इंडिया गठबंधन’ पर लगातार मिल रही चुनावी पराजयों से हताश होकर चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थानों को बदनाम करने आमादा होने का आरोप लगाया है।
आयोग के खिलाफ दुष्प्राचर को लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देशव्यापी हमला बोला। इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।
देश के जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भाजपा/राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकारें नहीं हैं, वहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष या नेता प्रतिपक्ष ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन में शामिल दलों पर हमला बोला।
श्री फडणवीस ने श्री गांधी की आलोचना करते हुए कहा, “कोई वोट नहीं चुराया गया, बल्कि श्री गांधी का दिमाग चुरा लिया गया है।” उन्होंने कहा कि श्री गांधी संविधान की आड़ में संस्थाओं को बदनाम कर देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं, ताकि लोगों का व्यवस्था से विश्वास उठ जाए और देश को वाम पंथी विचारधारा की ओर धकेला जा सके।
वहीं, योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्षी पार्टियों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भ्रम फैलाया है, इसलिए कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को अपने इस कृत्य के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।
श्री सरमा ने इंडिया गठबंधन को हारे हुए लोगों का गठबंधन करार दिया। डॉ. यादव ने राहुल गांधी कहा कि श्री गांधी से न तो अपनी पार्टी संभल रही है, न अपना कुनबा, इसलिए अब झूठ फैलाने में लग गए हैं। वह अपने साथियों की गिरेबान में हाथ डालते-डालते उनकी गर्दन दबाने में लगे हैं।
श्री साय ने कहा कि 100 से अधिक चुनाव हार चुकी हताश कांग्रेस अब राष्ट्रविरोधी आचरण पर उतर आई है। चुनाव आयुक्तों ने कांग्रेस के झूठ की पोल खोल दी है। श्री धामी ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना ठीक है, लेकिन किसी आंतरिक चर्चा के नोट को अंतिम निर्णय बताकर संस्थाओं को बदनाम करना गलत है। चुनाव आयोग के सभी फैसले पूरी सहमति से लिए गए हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि विपक्ष अपनी चुनावी हार को छिपाने के लिए झूठ फैला रहा है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि 24 जून, 2025 के जो आदेश पूर्ण सहमति से पारित हुए थे, उन पर गंभीर आरोप लगाने से पहले तथ्यों की जांच क्यों नहीं की गई? श्रीमती गुप्ता ने कहा कि विपक्ष अपनी विफलताओं, देश के साथ किए गए विश्वासघात और विकास कार्यों से ध्यान भटकाने के लिए यह आधारहीन स्थिति पैदा कर रहा है। श्री गांधी और कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
श्री सैनी ने भी कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल की गलत नीतियों के कारण हताश है। उनके राज में युवाओं, किसानों, गरीबों और महिलाओं का अपमान हुआ, जिसके कारण जनता ने उन्हें नकार दिया। अब विपक्ष के पास केवल एक ही मिशन बचा है ‘पीएम मोदी को गाली दो या संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करो।’
श्री पटेल ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में हमेशा अलग-अलग मापदंड रहे हैं। जब वह चुनाव जीतते हैं तो लोकतंत्र की जीत और चुनाव आयोग की निष्पक्षता की बात करते हैं, लेकिन जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जनादेश भाजपा को मिलता है, तो वे वोट चोरी और धांधली के झूठे राग अलापने लगते हैं।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में विकास की राजनीति ने लोकतंत्र में लोगों का विश्वास मजबूत किया है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ‘विश्वमित्र’ बन गया है, विकास दर 7.8 प्रतिशत तक पहुंच गई है और देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। देश की जनता पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ मना रही है, लेकिन दशकों तक राज करने वाली कांग्रेस, मोदी जी और भाजपा की इस सफलता को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है।
श्री चौधरी ने चुनावी प्रक्रिया और एसआईआर के मुद्दे पर स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण जरूरी है, क्योंकि अब देश में ‘बूथ कब्जा नहीं चलता। श्री गांधी के आरोप पूरी तरह से गलत हैं। वहीं, श्री अधिकारी ने कहा कि कांग्रेस केरल में एसआईआर का समर्थन करती है क्योंकि वहां उसे जीत मिली, लेकिन बंगाल में चुनाव हारने के बाद वे इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तार्किक विसंगतियों के कारण खारिज किए गए नामों का निपटान न्यायिक अधिकारियों द्वारा किया गया।
