
सीधी। थाना कोतवाली पुलिस ने नाबालिग को दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा । पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा नाबालिग के अपहरण से संबंधित प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को दस्तयाब किया गया तथा प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार फरियादी द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 30 नवंबर 2025 को परिवार के सदस्य धान गहाने के लिए बाहर गए थे। वापस लौटने पर नाबालिग बहन घर पर नहीं मिली। परिजनों द्वारा आसपास, गांव एवं रिश्तेदारियों में उसकी तलाश की गई, किंतु कोई जानकारी नहीं मिली। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर नाबालिग की तलाश प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस द्वारा नाबालिग की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए गए। पुलिस टीम ने उपलब्ध तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए नाबालिग को दस्तयाब कर सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया। प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्यवाही करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम के उप निरीक्षक प्रीति, सहायक उप निरीक्षक राज कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षक आनंद, आरक्षक सोनू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
