
जबलपुर। संजीवनी नगर थाना अंतर्गत धनवंतरी नगर चौराहे पर स्थित होटल रिलैक्स इन के एक कमरे में एक महिला की लाश मिली। महिला के चेहरे पर चोट के निशान हैं और नाक-माथे से खून बह रहा था, घटना के बाद से महिला के साथ रुका हुआ संदिग्ध व्यक्ति लापता है। हत्या की आशंका जताई जा रही है।
धनवंतरी चौकी प्रभारी दुर्गेश मरावी के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे होटल स्टाफ के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि कमरे में महिला मृत अवस्था में पड़ी है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो पाया कि महिला के नाक और माथे से खून निकल रहा था। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। मामले में होटल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि होटल ने नियमों को ताक पर रखकर महिला को बिना किसी वैध पहचान पत्र के कमरा अलॉट कर दिया था। पुलिस अब होटल संचालक के खिलाफ भी जांच कर रही है कि आखिर किस आधार पर बिना पहचान सुनिश्चित किए एंट्री दी गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि महिला होटल में कब आई थी और उसके साथ जो व्यक्ति रुका था, उसकी पहचान क्या है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
