
ग्वालियर। दतिया की रहने वाली शिवानी की हत्या के आरोपी पति यश ठाकुर को शॉर्ट एनकाउंटर कर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। झांसी के समीप सिमरधा गांव के पास घेराबंदी के दौरान यश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में यश के पैर में गोली लगी। यश पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
शिवानी की लाश झांसी के आवास विकास स्थित कमरे में मिली थी। हत्या के बाद यश कमरे को बाहर से लॉक कर फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही थी।
पुलिस अधिकारी प्रीति सिंह ने बताया कि सीपरी बाजार पुलिस को सूचना मिली थी कि यश स्कूटी से झांसी आया है। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीम ने सिमरधा गांव के पास उसे घेर लिया। पुलिस टीम ने यश को रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। यश ने पूछताछ में पत्नी की हत्या की बात कबूल की है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि रात में दोनों ने साथ में शराब पी और खाना खाया था। इसके बाद दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद उसने कमरे की कुंडी बाहर से लगाई और फरार हो गया। करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी शिवानी से दोस्ती हुई थी। उसने शिवानी की रील देखकर उसे मैसेज किया था। बातचीत बढ़ी तो दोनों ने मोबाइल नंबर शेयर किए। इसके बाद दोस्ती प्यार में बदल गई। करीब दो महीने बाद दोनों ने लव मैरिज की थी।शादी के बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
शिवानी मूल रूप से दतिया जिले के इंदरगढ़ की रहने वाली थी। शादी के बाद वह यश के साथ ग्वालियर में रहती थी।
