
24 घंटे में 7 लाख की लूट का सनसनीखेज पर्दाफाश
फरियादी कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
इंदौर. छोटी ग्वालटोली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सात लाख रुपए की लूट की गुत्थी का पर्दाफाश करते हुए घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों के गिरफ्तार किया है. इस हाई-प्रोफाइल केस में पीड़ित का भरोसेमंद कर्मचारी ही मास्टरमाइंड निकला. आरोपी ने उधारी की रकम लौटाने के लिए रची थी लूट की घटना. पुलिस ने आरोपी को उसके साथी के साथ गिरफ्तार कर लूट की पूरी रकम और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है.
पुलिस उपायुक्त जोन 03 हंसराज सिंह ने बताया कि गुरुवार 6 मार्च को आकाश जैन नामक व्यापारी ने शिकायत दी कि उनके कर्मचारी राजू दांगी से सात लाख रुपए लूट लिए. राजू ने बताया कि महारानी रोड से पैसे लेकर लौटते समय कमला नेहरू स्कूल के पास एक बाइक सवार बदमाश ने चाकू दिखाकर रकम लूट ली. पुलिस को मामला संदिग्ध लगा तो सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की. जिसमें पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया. आरोपी राजू दांगी से पुलिस ने गहराई से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने अपने साथी विकास उर्फ विक्की प्रजापत के साथ मिलकर खुद ही लूट की साजिश रचना कबूल कर लिया. इस पर पुलिस ने 32 वर्षीय मास्टरमाइंड आरोपी राजू दांगी, जो व्यापारी का कर्मचारी हैं के साथ 27 वर्षीय विकास उर्फ विकास प्रजापत को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पूरी सात लाख रुपए की राशि के साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा साइन भी बरामद कर ली.
