
छतरपुर। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को छतरपुर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में भारी उत्साह और गरिमा के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह की शुरुआत ध्वजारोहण और पार्टी के महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
बूथ स्तर पर मजबूती की रणनीति
जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और इसकी मजबूती का आधार हमारे समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने जानकारी दी कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पूरे जिले में विभिन्न जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गौतम ने स्पष्ट किया कि आगामी समय में संगठन को ‘बूथ स्तर’ तक और अधिक सक्रिय और धारदार बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना पर काम किया जाएगा।
वरिष्ठ नेताओं का सम्मान और योगदान
कार्यक्रम के दौरान पार्टी की स्थापना से लेकर अब तक के सफर और वरिष्ठ नेताओं के त्याग व संघर्ष को याद किया गया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और सिद्धांतों पर चलते हुए अंत्योदय के लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया।
नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा
इस गरिमामयी अवसर पर क्षेत्रीय विधायक ललिता यादव, प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह, जिला महामंत्री अरविंद त्रिपाठी, विवेक उप्पल, जिला उपाध्यक्ष अशोक दुबे, जयराम चतुर्वेदी, करुणेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, अरविंद रावत और गिरजा पाटकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही नगर मंडल अध्यक्ष रविंद्र मिश्रा, कमलेश राय, प्रियंका दुबे सहित जिलेभर से आए बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की मजबूती का संकल्प लिया।
