
इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र में मालवीय पेट्रोल पंप पर एक्टिवा में पेट्रोल डलवाने पहुँचे एक युवक के साथ पंप कर्मी और उसके साथियों ने बेरहमी से मारपीट की. विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लोहे के डंडे से युवक के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, फरियादी तिलकराज पति हेमंतसिंह परिहार निवासी ग्राम अमझेरा जिला धार अपनी एक्टिवा में पेट्रोल डलवाने मालवीय पेट्रोल पंप पहुँचे थे. तिलकराज ने पंप कर्मी ऋषि पाल को टोकते हुए कहा कि वह पेट्रोल सही ढंग से नहीं डाल रहा है. इसी बात को लेकर ऋषि पाल आगबबूला हो गया और तिलकराज को गालियां देने लगा.जब तिलकराज ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपी ऋषि पाल ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया. सभी ने मिलकर तिलकराज के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान ऋषि पाल ने पास रखा एक लोहे का डंडा उठाया और तिलकराज के सिर पर दे मारा. हमले में तिलकराज का सिर फट गया और खून बहने लगा.घटनास्थल पर मौजूद अर्प्रितसिंह बग्गा और प्रभजीत सिंह बग्गा ने बीच-बचाव कर तिलकराज को हमलावरों से छुड़ाया. जाते-जाते आरोपी ऋषि पाल और उसके साथियों ने तिलकराज को धमकी दी कि अगर आइंदा हमारे बीच में आए, तो जान से खत्म कर देंगे.खजराना पुलिस ने पीड़ित तिलकराज की शिकायत पर आरोपी ऋषि पाल और उसके अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.
