
छतरपुर। जिले के मातगुवां क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मातगुवां निवासी दयाराम कुशवाहा रविवार शाम करीब 7 बजे सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो (UP 79 L 8505) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दयाराम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही रात करीब 9 बजे दयाराम ने दम तोड़ दिया।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
