लापरवाही पर कृषि अधिकारी , सचिव और जनपद सीईओ को कारण बताओ नोटिस

छिंदवाड़ा . मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सातवें सप्ताह गुरुवार को जिले के सभी जिला स्तरीय, अनुविभागीय एवं खण्डस्तरीय अधिकारी फील्ड पर पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं। कलेक्टर ने लापरवाही पाए जाने पर वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी और कृषि विस्तार अधिकारी मोहखेड़ सहित जनपद पंचायत सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर हरेन्द्र नारायन सभी अधिकारियों के साथ पीएम श्री स्कूल बीसापुरकलां में आयोजित शिविर में पहुंचे जहां उन्होंने एक – एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कृषक सुनील पाठे ने बताया कि कीटनाशक विक्रेता की सलाह पर दूसरी दवा का खेत में छिड़काव करने से फसल में बहुत नुकसान हो गया है, इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए शिकायत के निराकरण में रुचि न लेने और फील्ड में समुचित मॉनिटरिंग नहीं करने पर वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी और कृषि विस्तार अधिकारी मोहखेड़ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही दवा विक्रेता के विरुद्ध भी कार्यवाही करने और किसान को हुई फसल क्षति का भी मुआवजा दिलाने के निर्देश दिये हैं। शिकायतकर्ता संतोष चौरे की नल जल योजना संबंधी शिकायत, दिनेश कुमार साहू की रास्ता संबंधित शिकायत और राजोला रैयत के रवींद्र की पंचायत के अधूरे निर्माण संबंधी शिकायत पर कलेक्टर ने शिकायतों के निराकरण में तत्परता और रुचि न लेने, ग्राम पंचायत स्तर तक निरीक्षण व मॉनिटरिंग का अभाव पाए जाने और मुख्यालय पर निवास नहीं पाए जाने पर सीईओ जनपद पंचायत मोहखेड़ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत सचिव बदनूर और ग्राम पंचायत सचिव राजोला रैयत को भी विभागीय योजनाओं के उचित क्रियान्वयन नहीं किए जाने, हितग्राहियों को लाभ प्रदान नहीं करने और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में सहयोग नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। शिविर में कई समस्याओं का मौके पर भी निराकरण किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण, मोहखेड़ जनपद के खंड स्तरीय अधिकारी एवं लिंगा, बीसापुरकलां, लोनिया, राजोला रैयत, बदनूर सहित आसपास के ग्रामों के स्थानीय कर्मचारी और लगभग 500 की संख्या ग्रामीण उपस्थित थे।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लिंगा का निरीक्षण ०००००

कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने प्राथमिक स्वास्थ्य लिंगा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, ओपीडी कक्ष, स्टोर रूम, टीकाकरण कक्ष, नर्सिंग स्टेशन, दवा वितरण कक्ष आदि का निरीक्षण किया और विशेष रूप से एंटी स्नेक वेनम उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में समुचित हाईजीन को लेकर हिदायत दी और वैक्सीन कैरियर कोल्ड बॉक्सेस को स्वच्छ स्थल पर ही रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के बाहरी परिसर की सफाई और समतलीकरण को लेकर भी आवश्यक दिशा – निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्र लोनिया का निरीक्षण ०००००

कलेक्टर श्री नारायन ने आंगनबाड़ी नर्सरी केंद्र लोनिया का निरीक्षण कर बच्चों से सहज संवाद किया, उनके नाम पूछे और अक्षर ज्ञान, भाषा ज्ञान, अंक ज्ञान सहित मूलभूत प्रश्न पूछे। बच्चों का आधारभूत शैक्षणिक स्तर अच्छा पाए जाने और हिंदी के साथ ही अंग्रेजी में भी जवाब देने पर कलेक्टर ने प्रसन्नता जाहिर की। बच्चों ने अंग्रेजी में अपने नाम बताए। केंद्र में मिल रहे भोजन को लेकर भी बच्चों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली इन छोटे बच्चों ने भी अपनी समझ के अनुरूप उत्साह पूर्वक डॉक्टर, टीचर और पुलिस बनने की बात कलेक्टर को बेझिझक होकर बताई।

Next Post

पीथमपुर धार में मिली पांच नाबालिग बालिकाएं

Thu Sep 24 , 2026
छिंदवाड़ा. थाना देहात के क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गांगीवाड़ा से लापता पांच नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने पीथमपुर धार से 24 घण्टे के भीतर ढूंढ निकाला. पुलिस ने पांचों बालिकाओं को परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांगीवाड़ा निवासी पांच नाबालिग बालिकाओं के परिजनों ने 21 […]

You May Like