मुंबई, 10 दिसंबर, 2025: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में है, लेकिन सबसे ज़्यादा तारीफें अक्षय खन्ना को मिल रही हैं। उन्होंने फिल्म में खूंखार गैंगस्टर रहमान बलूच उर्फ रहमान डकैत का किरदार निभाया है। यह किरदार सिर्फ काल्पनिक नहीं था; असली रहमान डकैत, जिसका नाम सरदार अब्दुल रहमान बलूच था, फिल्म में दिखाए गए चरित्र से भी ज्यादा खतरनाक था और 2000 के दशक में कराची के कुख्यात ल्यारी इलाके पर राज करता था।
असली रहमान बलूच की जिंदगी शुरू से ही अपराध में घिरी रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने 13 साल की उम्र में पहला हमला किया था, लेकिन 19 साल की उम्र में उसने ऐसी वारदात की जिसने पूरे पाकिस्तान को हिला दिया—उसने अपनी ही मां का गला घोंटकर पंखे से लटका दिया। 2001 में गैंगस्टर हाजी लालू की गिरफ्तारी के बाद रहमान ने गैंग की कमान संभाली और उसकी दहशत इतनी थी कि उसके लोग शक्ति दिखाने के लिए दुश्मनों के कटे सिर से फुटबॉल खेलते थे।
रहमान पर हत्या, अपहरण, ड्रग्स और अवैध वसूली तक दर्जनों केस दर्ज थे। अगस्त 2009 में पाकिस्तान सरकार ने ल्यारी में बड़ी कार्रवाई की, और इसी दौरान रहमान डकैत पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। मौत के समय उसकी उम्र केवल 34 साल थी। फिल्म में रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस ‘हमज़ा’ के रोल में हैं, जो रहमान के गैंग में घुसपैठ कर उसे खत्म करने का मिशन पूरा करता है।

