
खंडवा। हरफनमौला कलाकार स्वर्गीय किशोर कुमार के जन्मदिवस पर आयोजित तीन दिवसीय खण्डवा गौरव दिवस का समापन मंगलवार को होगा। सुबह नव बजे किशोर कुमार की समाधि पर पुष्पांजलि, स्वरांजलि और दूध-जलेबी का भोग अर्पित किया जाएगा। शाम साढ़े सात बजे पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में किशोर नाइट का आयोजन होगा।
कार्यक्रम में मुंबई के ख्यातिप्राप्त गायक पी गणेश और प्रीति जोशी शानदार ऑर्केस्ट्रा के साथ किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि देंगे।
समारोह का मुख्य आकर्षण इस वर्ष का किशोर सम्मान होगा, जो मुंबई के प्रसिद्ध पार्श्वगायक विनोद राठौर को गायन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा। उन्हें एक लाख रुपये की सम्मान राशि और ताम्रपत्र से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में गायन प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। सीनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को क्रमशः 31 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 21 हजार, 11 हजार और 8 हजार रुपये तथा सब-जूनियर वर्ग में 11 हजार, 8 हजार और 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
तीनों वर्गों के प्रथम स्थान प्राप्त विजेता किशोर नाइट में मंच से एक-एक गीत की प्रस्तुति भी देंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासियों और संगीत प्रेमियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
