सतना :शहर के नई बस्ती इलाके में पति के साथ खरीददारी कर रही महिला पर चाकू और कट्टे से हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जहां एक आरोपी को केंद्रीय जेल सतना तो वहीं दो आरोपियों को बाल सुधार गृह रीवा भेज दिया गया.कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की की रात हनुमान नगर नई बस्ती निवासी 50 वर्षीय श्रीमती अनीता सिंह अपने पति नंद किशोर सिंह के साथ खरीददारी कर रही थीं.
इसी दौरान रवि मिस्त्री उर्फ रवि रैकवार पिता रमेश उम्र 21 वर्ष अपने दो नाबालिग साथियों के साथ वहां आ धमका. रवि ने श्रीमती अनीता से कहा कि वह अपने बेटे के मर्डर केस में उन्हें फंसाना चाहती है, इसलिए आज नहीं छोड़ेंगे. देखते ही देखते एक नाबालिग ने महिला पर पीछे से गर्दन पर वार कर दिया.
महिला जब भागी तो रवि ने कट्टे से फायर कर दिया. घायल महिला द्वारा दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को घटना के कुछ देर बाद ही पकड़ लिया था. जिन्हें मंगलवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद एक ओर जहां रवि को केंद्रीय जेल सतना भेज दिया गया. वहीं दूसरी ओर दोनों नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह रीवा भेज दिया गया.
