भोपाल, 30 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भोपाल में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में डाक टिकट और तीन सौ रुपए का सिक्का जारी करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री मोदी 31 मई को यहां जंबूरी मैदान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होंगे। वे इसी अवसर पर देवी अहिल्याबाई होलकर को समर्पित एक स्मारक डाक टिकट और 300 रुपए का विशेष स्मृति सिक्का जारी करेंगे, जिसमें लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की छवि अंकित होगी।
सूत्रों ने कहा कि श्री मोदी इस अवसर पर जनजातीय, लोक और पारंपरिक कलाओं में योगदान देने वाली एक महिला कलाकार को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। प्रधानमंत्री उज्जैन में “सिंहस्थ – 2028” की तैयारियों के तहत क्षिप्रा नदी पर 860 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के घाट निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
श्री मोदी दतिया और सतना में दो नए हवाईअड्डों का उद्घाटन इसी कार्यक्रम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे।
प्रधानमंत्री इंदौर मेट्रो की “येलो लाइन” के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवाओं की शुरुआत करेंगे। इससे ट्रैफिक और प्रदूषण में कमी आएगी साथ ही यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी।
प्रधानमंत्री 1,271 अटल ग्राम सुशासन भवनों के निर्माण के लिए 480 करोड़ रुपयों से अधिक की लागत की पहली क़िस्त का हस्तांतरण भी करेंगे, जिससे पंचायतों में स्थायी अधोसंरचनात्मक विकास होगा।
