जबलपुर: पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में इतने बड़े पैमाने पर विकास के कार्य कभी नहीं हुये जो अब हो रहे हैं। उनके प्रयास इस क्षेत्र को विकास के मामले में प्रदेश में अग्रणी बनाने के हैं और इसमें किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होगा। क्षेत्र की जनता की विकास की हर जरूरतें पूरी होंगी। जनता जो कहेगी वो और जो नहीं कहेगी वो विकास कार्य भी पश्चिम विधानसभा में होंगे।
ये बातें लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बुधवार को पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के त्रिपुरी वार्ड और गढा वार्ड के नागरिकों को एक साथ 49 सीमेंट कांक्रीट सडक़ों की सौगात देते हुए कहीं। श्री सिंह ने अलग- अलग स्थानों पर आयोजित समारोह में करीब 12 करोड़ रुपये से बनने वालीं इन सीमेंट कांक्रीट सडक़ों का भूमिपूजन किया। लोक निर्माण मंत्री ने पूरा दिन त्रिपुरी वार्ड और गढ़ा वार्ड के लोगों के बीच बिताया और एक साथ 49 सीमेंट कांक्रीट सडक़ों की सौगात मिलने पर उन्हें बधाई दी।
सभी सडक़ें लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जायेंगी और ये ऐसे रहवासी क्षेत्रों में बनाई जा रही हैं जहाँ वास्तव में इनकी जरूरत है। इनमें 5 लाख रूपये से लेकर 1 करोड़ रूपये तक की सीसी सडक़े शामिल हैं। इन सीसी सडक़ों के बन जाने के बाद इन रहवासी क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में होने वाली तकलीफें दूर होंगी। श्री सिंह ने इस अवसर पर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में करीब 21 करोड़ रुपये के नवीन स्वीकृत विकास कार्यों की जानकारी भी लोगों को दी। सडक़ों के भूमिपूजन के दौरान नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अभय सिंह ठाकुर, पार्टी के मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र एवं प्रणय, क्षेत्र के सभी पार्षद, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी सँख्या में मातृ शक्ति भी मौजूद रही।
