किसानों की समृद्धि में ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि निहित : साय

रायपुर, 12 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को कहा कि किसान प्रदेश की प्रगति की धुरी हैं और उनकी समृद्धि में ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि निहित है। राज्य सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री हरेली तिहार के अवसर पर नवा रायपुर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास में आयोजित गृह प्रवेश समारोह एवं हरेली उत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने श्री वर्मा और उनके परिजनों को गृह प्रवेश की बधाई देते हुए सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहे।

श्री साय ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ा पर्व है। इस दिन किसान कृषि औजारों और गौवंश की पूजा कर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ अच्छी वर्षा, भरपूर फसल और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। यह पर्व प्रदेश की उस समृद्ध परंपरा का प्रतीक है, जिसमें प्रकृति, खेती और लोकजीवन एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन का मजबूत आधार खेती-किसानी है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। इससे किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती की उत्पादकता बढ़ाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास अधिक से अधिक कृषि क्षेत्र को सुनिश्चित सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम हो और वे बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें परंपरागत खेती के साथ कृषि से जुड़ी सहायक और आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण और अन्य आयवर्धक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

श्री साय ने कहा कि किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा तो गांव मजबूत होगा और गांव मजबूत होने से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की गति तेज होगी। सरकार की नीतियों के केंद्र में अन्नदाता का हित है और खेती-किसानी को अधिक समृद्ध एवं लाभकारी बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और कृषि परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। हरेली के साथ प्रदेश में तीज-त्योहारों का उल्लासपूर्ण सिलसिला शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अच्छी बारिश से किसानों में उत्साह है और बेहतर फसल की उम्मीद जगी है।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू और इंद्रकुमार साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

Next Post

वन विभाग का क्लर्क निकला करोड़ों का आसामी

Wed Aug 12 , 2026
जबलपुर/ मंडला। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने आय से अधिक संपत्ति मामले में बुधवार तडक़े मण्डला में वन विभाग के एक क्लर्क के घर पर छापामार कार्रवाई कर दी। अचानक हुई कार्रवाई हडक़ंप मच गया। सुबह से शाम तक चली इस कार्रवाई में क्लर्क के पास से उसकी वैध कमाई […]

You May Like