
भोपाल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने शनिवार को मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय में ‘क्लीन कैंपस, ग्रीन कैंपस’ अभियान चलाया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर की सफाई की। इस दौरान परिसर से शराब की खाली बोतलें, सिगरेट के पैकेट सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा किया गया।
अभाविप का कहना है कि महाविद्यालय परिसर में शराब की खाली बोतलें और असामाजिक तत्वों की आवाजाही को लेकर पूर्व में भी प्रशासन को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसके विरोध में परिषद ने सफाई अभियान चलाकर परिसर से मिली शराब की बोतलें और सिगरेट के पैकेट महाविद्यालय प्रशासन को सौंपे।
परिषद ने महाविद्यालय और पुलिस प्रशासन से परिसर में असामाजिक तत्वों की आवाजाही रोकने तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की। अभाविप ने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
