गुना: म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम सागोरिया में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक बेटे ने मोटरसाइकिल और पेट्रोल के मामूली विवाद पर अपने ही पिता के सिर में गैंती मारकर उनकी जान ले ली।जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार, 24 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे सगोरिया में रहने वाले 45 वर्षीय रमेश जाटव इसी थाना क्षेत्र के ऊमरी अपनी बहन के यहां मंडप पहराने के लिए मोटरसाइकिल से जाने वाले थे।
रमेश ने अपने बेटे विकास से मोटरसाइकिल की चाबी मांगी, तो विकास ने साफ इनकार कर दिया। विकास का तर्क था कि उसने अपने पैसों से गाड़ी की टंकी फुल करवाई है, इसलिए वह पिता को गाड़ी नहीं ले जाने देगा।पिता-पुत्र के बीच विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर विकास घर के अंदर गया और चाबी लाने के बहाने गैंती उठा लाया। उसने अपने पिता रमेश के सिर पर जोरदार प्रहार किया। हमला इतना घातक था कि गैंती करीब 4 इंच तक सिर में धंस गई, जिससे रमेश लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
गंभीर हालत में रमेश को उनके बड़े पुत्र विवेक द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन चोट गहरी होने के कारण शनिवार, 25 अप्रैल की रात करीब 3 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। विवेक के मुताबिक इससे पहले वह रमेश को जिला अस्पताल ले जाने के लिए पुलिस से मदद मांगने के लिए भी गया था, तब तक खून बहने की वजह से रमेश की हालत और बिगड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही म्याना थाना पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे विकास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
