(खेल नौ के स्थान पर संशोधित, स्लग ठीक करते हुए)
चंडीगढ़ 22 सितंबर (वार्ता) अखिल भारतीय वायु सेना स्कूल एथलेटिक्स और खेल चैंपियनशिप के 14वें संस्करण का आयोजन 24 से 26 सितंबर चंड़ीगढ़ के सेक्टर सात में किया जायेगा।
सेक्टर सात के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाली यह चैंपियनशिप भारतीय वायु सेना शैक्षिक एवं सांस्कृतिक सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसमें देश भर के वायु सेना स्कूलों के 600 से अधिक छात्र, सात कमांडों का प्रतिनिधित्व करते हुए, एथलेटिक्स और खेल की 13 विधाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे। यह चैंपियनशिप न केवल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती है, बल्कि भारतीय वायु सेना स्कूल समुदाय के छात्रों में अनुशासन, टीम वर्क और एक सक्रिय जीवनशैली के मूल्यों का भी संचार करती है।
मीडिया को चैंपियनशिप के बारे में जानकारी देने के लिए सोमवार को एक पूर्वावलोकन और अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एयर कमोडोर निपुण गुप्ता, एयर ऑफिसर कमांडिंग बेस रिपेयर डिपो, चंडीगढ़ ने ओवरऑल चैंपियंस ट्रॉफी और आधिकारिक शुभंकर, फीनिक्स का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि फीनिक्स लचीलेपन और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है – जो बच्चों को हर चुनौती से मजबूती से उबरने के लिए प्रेरित करता है और खेल भावना की सच्ची भावना को दर्शाता है।
एयर कमोडोर निपुण गुप्ता ने कहा कि चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह 24 सितंबर को होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मेंटेनेंस कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, एयर मार्शल विजय कुमार गर्ग उपस्थित होंगे।

