सिंगरौली : पंचायतों में शासन की योजनाओं और निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत परखने निकले जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघ प्रिय ने देवसर विकासखंड में विभिन्न संस्थानों और पंचायत स्तरीय गतिविधियों का निरीक्षण किया।कन्या शिक्षा परिषद में भोजन व्यवस्था में गंभीर शिकायत मिलने पर प्राचार्य के विरुद्ध वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए, जबकि अन्य जिम्मेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। हाईस्कूल में अनुपस्थित मिले प्राचार्य व अतिथि शिक्षक के खिलाफ भी नोटिस की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान सीईओ ने कन्या शिक्षा परिषद बरगवां, ग्राम ओरगड़ी में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन व पंचायत भवन, खेखड़ा की गौशाला, आजीविका गतिविधियों, आंगनबाड़ी केंद्र बेटहडांड और हाईस्कूल बेटहडांड का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन भवनों में गुणवत्ता की जांच करते हुए संबंधित एसडीओ से निर्माण कार्य और स्थल चयन की जानकारी ली तथा सभी पंचायत स्तरीय निर्माण कार्यों पर कार्य की जानकारी वाला साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। खेखड़ा में जनसंवाद के दौरान सीईओ ने दुर्गा स्व-सहायता समूह की महिलाओं से गौशाला संचालन, आय और रोजगार की जानकारी ली।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पंचायतों में सुधार पर जोर
देवरा पंचायत में मुर्गी पालन गतिविधि सहित पंचायत की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साफ.-सफाई और पूर्व निर्देशों का पालन संतोषजनक मिलने पर अधिकारियों की सराहना की गई। इसके बाद जिपं सीईओ संघ प्रिय एवं प्रभारी सीईओ जनपद पंचायत देवसर सौम्या मिश्रा आईएएस ने सचिवों एवं रोजगार सहायकों की बैठक लेकर आवास योजना, वीबी-जी राम जी योजना, कर एवं जलकर वसूली, स्वच्छता कर और संपत्ति कर समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। कम प्रगति वाली पंचायतों के सचिवों को कारण बताओ नोटिस, एक इंक्रीमेंट रोकने तथा रोजगार सहायकों का सात दिन का वेतन नो वर्क, नो-पे के आधार पर काटने के निर्देश दिए गए। पंचायत भवनों में रंग-रोगन, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।
