
पुनासा/खंडवा। नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 पुनासा में रिश्वतखोरी का बड़ा खेल उजागर हुआ है। लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बुधवार को भ्रष्ट उपयंत्री अशोक गौतम को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे विभाग में हडक़ंप मचा हुआ है। बिल भुगतान के नाम पर 55 हजार की डिमांड जानकारी के अनुसार एक ठेकेदार ने लोकायुक्त इंदौर में शिकायत की थी कि उसके कार्य के बिल का भुगतान और सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस करने के एवज में उपयंत्री अशोक गौतम 55 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।योजना के तहत ठेकेदार ने उपयंत्री को 14 हजार रुपये की पहली किश्त दी। जैसे ही गौतम ने रकम हाथ में ली, पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है।लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी उपयंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
अब उठ रहे बड़े सवाल-इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में बिल पास कराने के नाम पर चल रही अवैध वसूली की पोल खोल दी है। अब विभाग में यह चर्चा तेज है कि 55 हजार की रिश्वत किस आधार पर तय की गई और इस खेल में और कौन-कौन शामिल है।
