
जबलपुर। थाना जीआरपी जबलपुर द्वारा मॉडल हाई स्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए “जोश टॉक” एवं “उमंग” कार्यक्रम के तहत जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत एवं पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक व साइबर ठगी से सावधान रहने, नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन, बुलिंग, पॉक्सो एक्ट तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को किसी भी परेशानी या अपराध की स्थिति में माता-पिता, शिक्षक अथवा पुलिस से तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में एएसआई नसीम बानो (महिला सुरक्षा शाखा), हेड कांस्टेबल परमात्मा, हेड कांस्टेबल अंकुर, हेड कांस्टेबल परशुराम, हेड कांस्टेबल उमेश एवं कांस्टेबल रामकुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षा, आत्मविश्वास, कानून के प्रति जागरूकता और पुलिस के साथ सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना रहा।
