
जबलपुर। होलिका प्रतिमायें पारम्परिक स्थानों पर ही रखी जायें। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों में आवश्यक रूप से भ्रमण करते हुये निगाह रखें, अपने सूचनातंत्र को मजबूत करें जिससे क्षेत्र में होने वाली छोटी से छोटी असामाजिक गतिविधियो की जानकारी आपकेा तुरंत मिल सके। कहीं कोई चूक न हो। यह बातें पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने होली पर्व एवं रमजान पर्व के मददेनजर पुलिस कंट्रोल रूम में राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेते हुए कहीं। साथ ही थानावार की गयी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की विस्तार से समीक्षा की गयी एवं लंबित अपराधों कें निराकरण के सम्बंध मे आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। आगे उन्होंने कहा कि दो पक्षों में जहॉ जहॉ भी पूर्व में विवाद हुआ है उनके विरूद्ध आवश्यक रूप से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुये सभी का फायनल बाउंड ओवर करवायें, ताकि बंधपत्र का उल्लंघन करने पर उनके विरूद्ध धारा 122 जाफौ के तहत कार्यवाही की जाये। साथ ही एसपी ने कहा ऐसे समय में कुछ अशांतिप्रिय एवं विध्नसंतोषी तत्व सक्रिय रहते है, जिन पर सतत निगाह रखी जाये, अपने क्षेत्र मे भ्रमण करें, समाज के हर वर्ग के लोगो से आप सभी संवाद स्थापित करें, इससे आपको महत्वपूर्ण सूचनायें प्राप्त होंगी जो आने वाले दिनों में शांति एंव कानून व्यवस्था बनाये रखने में काफी उपयोगी होगी। बैठक में एएसपी क्राइम जितेन्द्र सिंह, एएसपी जोन 2 सुश्री पल्लवी शुक्ला, एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा समेत समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी शहर एवं देहात व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
