
सिंगरौली। थाना नवानगर अंतर्गत एनसीएल कॉलोनी निगाही के एमक्यू 433, सेक्टर-6 में एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। लगातार मारपीट एवं मानसिक प्रताड़ना से त्रस्त होकर महिला ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
नवानगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पटेल के अनुसार 27 फरवरी को धारा 194 बीएनएसएस के तहत सूचना प्राप्त होने पर पुलिस ने जांच प्रारंभ की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया तथा साक्ष्य संकलित किए गए। गवाहों के कथन लेखबद्ध किए गए। जांच के दौरान परिस्थिति जन्य साक्ष्यों से ज्ञात हुआ कि मृतिका फूलमती बसोर उम्र 35 वर्ष, निवासी दसौती निगाही परियोजना में ठेकेदारी कार्य से जुड़े संदीप बत्तूला के पास कार्य करती थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी संदीप बत्तूला उम्र 39 वर्ष द्वारा मृतिका के साथ बीते कुछ समय से मारपीट एवं मानसिक प्रताड़ना की जा रही थी। 26 फरवरी को आरोपी महिला को जबरन मोटरसाइकिल से अपने निवास एमक्यू 433, सेक्टर-6 एनसीएल कॉलोनी निगाही ले गया। वहां कथित रूप से लगातार उत्पीड़न से त्रस्त होकर महिला ने रात्रि लगभग 12:30 बजे आरोपी के निवास के दूसरे कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मौके पर कमरे में शराब की बोतलें भी बरामद हुई थी, तभी से पुलिस का शक गहरा गया था।
आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में
विवेचना के आधार पर आरोपी का कृत्य भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर कायम किया गया। थाना प्रभारी डॉ. अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी का जिला चिकित्सालय बैढ़न में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा उसे न्यायालय बैढ़न में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
