
खंडवा। लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। खंडवा रेंज की संयुक्त टीम ने टिटगांव और खडक़री गांव में एक साथ दबिश देकर घरों और खेतों में छुपाकर रखी गई इमारती लकड़ी जब्त की है।रेंजर शंकर सिंह चौहान के नेतृत्व में वन अमला सुबह करीब 6 बजे टिटगांव पहुंचा और अलग-अलग जगहों पर सर्चिंग शुरू की। मकानों और उनके पीछे रखी लकड़ी की जांच के दौरान इमारती लकड़ी मिलने पर उसे जब्त किया गया।इसके बाद टीम टिटगांव से करीब एक किलोमीटर दूर खडक़री गांव पहुंची। यहां भी कुछ मकानों के पीछे बड़ी मात्रा में लकड़ी रखी मिली, वहीं खेतों में फसलों के बीच से भी लकड़ी बरामद की गई।प्रारंभिक जांच में जब्त लकड़ी में सागौन समेत अन्य इमारती प्रजातियां शामिल हैं। वन विभाग अब लकड़ी की मात्रा, प्रजाति और उसके दस्तावेजों की जांच कर रहा है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि लकड़ी कहां से लाई गई और क्या इसके लिए वैध अनुमति है।रेंजर शंकर सिंह चौहान ने बताया कि यदि जांच में लकड़ी अवैध कटाई या अवैध परिवहन से जुड़ी पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
